इजराइल ने ईरान पर पूर्व-नियोजित हमला शुरू करने के साथ ही पूरे देश में ‘‘तत्काल आपात स्थिति’’ घोषित कर दी है। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने शनिवार को यह जानकारी दी। इजराइल के ‘पूर्व-नियोजित’’ हमलों के बाद पूरे देश में सायरन बजने लगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि इजराइल द्वारा हमले शुरू करने के बाद अमेरिका ने ईरान पर ‘‘बड़े पैमाने पर युद्ध अभियान’’ की शुरुआत कर दी।
इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान पर हमला किया, जिसके बाद शहर के मध्य क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। इसमें पहला हमला सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के पास हुआ।
ईरान की मीडिया ने देशभर में हो रहे हमलों की खबरें दीं।
काट्ज ने कहा, ‘‘इजराइल ने अपने ऊपर खतरों को समाप्त करने के लिए ईरान के खिलाफ पूर्व-नियोजित हमला किया है।
इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) की ‘होम फ्रंट कमांड’ ने नागरिकों को चेतावनी दी कि वे सायरन बजने की स्थिति में बम से बचने के लिए बनाए गए आश्रय स्थल के पास ही रहें।
होम फ्रंट कमांड के संदेश में कहा गया है कि ‘‘सुरक्षा स्थिति को देखते हुए’’ नागरिक यह सुनिश्चित करें कि उनके नजदीक सुरक्षित आश्रय स्थल कहां है और वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें।
आईडीएफ ने कहा कि यह ‘‘चेतावनी’’ जनता को इस आशंका के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जारी की गई है कि इजराइल की ओर मिसाइल दागी जा सकती हैं।
हालांकि, सेना ने यह भी कहा कि फिलहाल लोगों को आश्रय स्थल में जाने की तत्काल आवश्यकता नहीं है।
⚡️इजरायल ने ईरान पर शुरू किया हमला – RT फुटेज pic.twitter.com/eksoiQUXcD
— RT Hindi (@RT_hindi_) February 28, 2026
इस बीच, एअर इंडिया की तेल अवीव से नयी दिल्ली जाने वाली उड़ान एआई-140 में चढ़ने का इंतजार कर रहे यात्रियों को अपना सामान छोड़कर बम से बचने के लिए बनाए गए आश्रय स्थलों की ओर भागना पड़ा।
एक यात्री ने बताया कि उन्हें ‘‘सब कुछ छोड़कर तुरंत बम आश्रय स्थल में जाने’’ के लिए कहा गया।भारतीय विमानन कंपनी ने अधिकारियों को सूचित किया है कि वह स्थिति पर नजर रखने के लिए कल यानी रविवार से इस मार्ग पर अपनी उड़ान सेवाएं एक सप्ताह के लिए स्थगित कर देगी।




