इजराइल ने शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान पर हमला किया, जिसके बाद शहर के मध्य क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। ऐसा प्रतीत होता है कि यह हमला ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के पास हुआ।
सरकारी टेलीविजन ने कार्यालयों के निकटवर्ती इलाके में विस्फोट की बात स्वीकार की है।
ईरान अपने नागरिकों से यूनाइटेड अरब एमिरेट्स, कुवैत, कतर, बहरीन, और जॉर्डन छोड़ने का आह्वान कर रहा है।
बहरहाल, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि 86 वर्षीय खामेनेई उस समय अपने कार्यालय में मौजूद थे या नहीं। अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच वह पिछले कई दिनों से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका ने ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर समझौते के लिए दबाव बनाने के वास्ते क्षेत्र में लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों का बड़ा बेड़ा तैनात किया हुआ है।
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इस हमले को ‘‘खतरों को समाप्त करने’’ के लिए उठाया गया कदम बताया। हालांकि, उन्होंने तुरंत इसका अधिक विवरण नहीं दिया।
तेहरान में प्रत्यक्षदर्शियों ने जोरदार विस्फोट की आवाज सुनी। बाद में ईरान के सरकारी टेलीविजन ने भी विस्फोट की खबर दी, लेकिन उसके कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
इसी समय इजराइल में सायरन बजने लगे। इजराइली सेना ने कहा कि उसने ‘‘जनता को पहले से चेतावनी जारी की है ताकि इजराइल की ओर मिसाइल दागे जाने की संभावित स्थिति के लिए लोग तैयार रह सकें।
⚡️ ट्रंप ने कहा – 'अमेरिका ने ईरान में बड़ा युद्ध अभियान शुरू किया'
'इसका मकसद ईरानी शासन की ओर से आने वाले खतरों को खत्म करके अमेरिकी लोगों की रक्षा करना है।' pic.twitter.com/4fBlqbwQW2
— RT Hindi (@RT_hindi_) February 28, 2026
इजराइल द्वारा हमले की घोषणा किए जाने के बाद ईरान की राजधानी में और भी कई विस्फोट हुए। हालांकि, अधिकारियों ने इन हमलों में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं दी है।
इस बीच, इजराइल के हमले के बाद ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। यह चेतावनी पायलटों को उस समय जारी की गई जब तेहरान में लगातार विस्फोटों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। वहीं, अमेरिकी सेना ने इस हमले पर तुरंत कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।




