मेक्सिको में सैन्य कार्रवाई में ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल’ के सरगना नेमेसीओ रूबेन ओसेगुएरा सर्वांतेस ‘एल मेंचो’ के मारे जाने के बाद भड़की हिंसा के मद्देनजर भारतीय दूतावास ने देश में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सोमवार को एक परामर्श जारी किया जिसमें उनसे सावधानी बरतने और घरों के अंदर रहने का आग्रह किया गया है।
मेक्सिको की सेना ने नेमेसीओ रूबेन ओसेगुएरा सर्वांतेस ‘एल मेंचो’ को रविवार को मार गिराया, जिससे देश का सबसे ताकतवर बन चुका गिरोह नेतृत्वविहीन हो गया।
मेक्सिको स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मेक्सिको में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों को सूचित किया जाता है कि सुरक्षा अभियान जारी हैं और इससे जुड़े सड़क अवरोध एवं आपराधिक गतिविधियां हो रही हैं।
जलिस्को राज्य (पुएर्तो वालार्ता, चापाला और गुआदलहारा के क्षेत्र), तमाउलिपास राज्य (रेयनोसा और अन्य नगरपालिकाओं के क्षेत्र), मिचोआकान राज्य के क्षेत्र, गुएरेरो राज्य और नुएवो लियोन राज्य में रहने वाले भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक सुरक्षित स्थानों पर रहने का परामर्श दिया जाता है।
दूतावास ने सुरक्षा निर्देश जारी करते हुए कहा, ‘‘कानून प्रवर्तन एजेंसियों की गतिविधियों के आस-पास वाले क्षेत्रों से दूर रहें। अपने आसपास के हालात के प्रति सजग रहें। सुरक्षित स्थान पर आश्रय लें और अपने आश्रयस्थल के बाहर अनावश्यक बाहर नहीं निकलें। ताजा जानकारी के लिए स्थानीय मीडिया पर नजर रखें।
Estado de guerra: México está en alerta máxima tras la confirmación de la muerte de 'El Mencho', un líder del CJNG.
La nación experimenta:
– Narcobloqueos
– Vehículos incendiados
– Rodovías cerradasLa situación genera preguntas sobre el futuro del narcotráfico en la región.… pic.twitter.com/hGPFrbmv12
— Cristian Crespo F. 🇨🇺 (@cristiancrespoj) February 23, 2026
दूतावास ने कहा, ‘‘स्थानीय प्राधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और आपात स्थिति में 911 पर कॉल करें। भीड़-भाड़ से बचें।’’
उसने पोस्ट में लिखा, ‘‘फोन, संदेश और सोशल मीडिया के जरिए परिवार और दोस्तों को अपने स्थान और कुशलक्षेम की जानकारी देते रहें।
यह परामर्श रविवार को नेमेसीओ ओसेगुएरा के मारे जाने के बाद जारी किया गया। नेमेसीओ ओसेगुएरा मेक्सिको और अमेरिका में सर्वाधिक वांछित लोगों में से एक था।




