अयोध्या में अब न रहे कोई भूखा के संकल्प को लेकर लीला हरि फाउंडेशन लगातार सामाजिक सेवा कार्यों में जुटा है। इसी क्रम में संस्था की ओर से एक वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को विशेष भोजन थाली वितरित की गई।
संस्था की अध्यक्ष लीला श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान की पूजा से पहले बुजुर्गों की सेवा और उन्हें भोजन कराना सबसे बड़ी पूजा है। उन्होंने कहा कि माता-पिता जीवनभर बच्चों के लिए कष्ट सहते हैं और उन्हें योग्य बनाते हैं, लेकिन कई बार वही बच्चे बुजुर्ग होने पर उन्हें आश्रमों में छोड़ देते हैं।
इस सोच को बदलने के लिए समाज में जागरूकता लाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि तीर्थ जाने से पहले घर के बुजुर्गों की सेवा कर उनका आशीर्वाद लें।
संस्था का उद्देश्य गरीबों की मदद करना, जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना, पशुओं की सेवा करना तथा समाज में शिक्षा, चिकित्सा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
कार्यक्रम में संस्था से जुड़े संदीप श्रीवास्तव, रेखा, सुप्रिया, मोनिका, हरिवंश, अभिषेक, मुन्ना भाई सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।










