सहारनपुर जिले के गंगोह इलाके में पुलिस मुठभेड़ में गोहत्या के दो आरोपी घायल हो गए और उनके पास से एक बछड़ा, हथियार एवं गोहत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (गंगोह) अशोक सिसोदिया ने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को गंगोह पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग एक गाय को मारने के लिए कुंडा कला गांव के पास जंगल में ले जा रहे हैं।
पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए कुंडा कला गांव के पास कुंडा-बिडौली रोड पर जांच शुरू की और इस दौरान सात-आठ लोग एक बछड़े के साथ चलते नजर आए।
सिसोदिया ने बताया कि जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस दल पर कथित तौर पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने खुद के बचाव में जवाबी कार्रवाई की जिसमें दो आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। सिसोदिया ने बताया कि इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहसान उर्फ समीर और महमूद के तौर पर हुई है। ये दोनों गंगोह पुलिस थाना के कुंडा कला गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पांच-छह और संदिग्ध अंधेरे एवं जंगल का फायदा उठाकर भाग गए।
पुलिस ने बताया कि मौके से एक बछड़ा, दो देसी पिस्तौल, दो खाली कारतूस, दो कारतूस और गोहत्या में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सिसोदिया ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोग गोहत्या के मामलों में शामिल आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ गंगोह पुलिस थाने में पहले से ही मामले दर्ज हैं।




