बहराइच, जिले में भारत-नेपाल के रुपईडीहा सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने लाल-नीली बत्ती और हूटर लगे वाहन से नेपाल जाने की कथित कोशिश कर रहे फर्जी भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपाधीक्षक पहुप कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है, जब एक कार हूटर बजाते हुए सीमा पार करने की कोशिश कर रही थी। पूछताछ के दौरान कार में सवार एक व्यक्ति ने अपना नाम धर्मेंद्र बताते हुए खुद को लखनऊ सचिवालय में तैनात आईएएस अधिकारी बताया।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि संदेह होने पर एसएसबी, रूपईडीहा पुलिस और सीमा पर तैनात अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने गहन पूछताछ की, जिसमें खुलासा हुआ कि पांचों में से कोई भी आईएएस अधिकारी नहीं है और न ही वाहन पर लाल-नीली बत्ती लगाने की उन्हें कोई अनुमति थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखनऊ निवासी धर्मेंद्र सिंह, शुभम बाजपेई, अनमोल सिंह, सचिन सिंह और स्वप्नल सहाय के रूप में हुई है। जिस वाहन से वे यात्रा कर रहे थे, वह धर्मेंद्र की पत्नी की कंपनी ‘प्रिया एजेंसी’ के नाम पर लखनऊ में पंजीकृत है।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल में कैसीनो में जुआ खेलने जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.17 लाख रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक चिप डिवाइस और एक पावर बैंक बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




