अयोध्या, रामनगरी अयोध्या में एक पत्रकार पर जानलेवा हमला करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज कुछ दिनों में खुलासा कर दिया है।
कोतवाली नगर पुलिस ने बुधवार-गुरुवार की रात करीब 1:30 बजे परिक्रमा मार्ग के पास अफीम कोठी के पीछे से तीन शातिर अभियुक्तों को धर-दबोचा।पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान आफताब उर्फ राजा बाबू (रीडगंज), महफूज आलम (हैबतपुर) और उमेश चौहान उर्फ बादल (मानव नगर, साहबगंज) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार (नंबर HR-29X-4556), एक लोहे की पाइप और दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह पूरा हमला पुरानी रंजिश का बदला था। मुख्य आरोपी गौरव पांडेय के साथ 30 अप्रैल 2025 को मिर्जापुर माफी में मारपीट हुई थी, जिसमें पत्रकार राममूर्ति यादव और शंकर यादव समेत कुछ लोग नामजद थे। उसी मामले में गौरव पांडेय ने मुकदमा भी दर्ज कराया था। कुंठित होकर गौरव पांडेय ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह साजिश रची और पत्रकार बृजेश कुमार यादव पर जानलेवा हमला करवाया।
मामला 664/2025 धारा 191(2)/191(3)/109(1) BNS के तहत दर्ज हुआ था। CCTV फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी गौरव पांडेय सहित तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। आफताब उर्फ राजा बाबू NDPS एक्ट, मारपीट, धमकी समेत कई मुकदमों में नामजद रहा है, जबकि महफूज आलम पर SC/ST एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर और क्षेत्राधिकारी श्रीयश त्रिपाठी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार पांडेय की टीम ने यह सफलता हासिल की है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ.नि. संतोष कुमार सिंह, उ.नि. अमरेश त्रिपाठी (SOG प्रभारी), उ.नि. धर्मेंद्र कुमार मिश्रा (प्रभारी चौकी चौक), उ.नि. राणा दिग्विजय सिंह (चौकी प्रभारी अलीगढ़), उ.नि. शुभम सिंह, हे.का. अजय सिंह, हे.का. अमित राय, हे.का. देवाशीष राय (दोनों स्वाट), का. विनय राय, का. अश्वनी राय, का. शेखर, का. सुनील यादव, का. अनंत यादव, कां. अभिषेक प्रताप सिंह, का. रविकांत सरोज, का. अतुल शाही और कां. संजय कुमार यादव आदि पुलिसकर्मी शामिल रहे।




