लखनऊ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने घर-घर तक पहुंच बनाने के लिये बृहस्पतिवार को व्यापक गृह संपर्क अभियान शुरू किया। संगठन ने इसे दुनिया का सबसे बड़ा गृह संपर्क अभियान बताया है।
संघ की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक संगठन के कार्यकर्ता घर-घर जाकर भारत माता की तस्वीर और संघ का साहित्य भेंट कर रहे हैं और अकेले अवध क्षेत्र में संगठन ने 40 लाख घरों से संपर्क करने का लक्ष्य तय किया है।
बयान में बताया गया है कि एक महीने के इस व्यापक संपर्क कार्यक्रम में लगभग 80 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे, जो 20 हजार टीम में काम करेंगे।
लखनऊ में इस अभियान के तहत संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख स्वांत रंजन, प्रांत संपर्क प्रमुख हरनाम सिंह और संपर्क विभाग के सदस्यों ने पद्मश्री से सम्मानित लोक गायिका मालिनी अवस्थी और लेखिका विद्या बिंदु सिंह से मुलाकात की और उन्हें संघ का साहित्य भेंट किया।
संघ के लखनऊ प्रभाग के विभाग कार्यवाह अमितेश सिंह ने बयान में कहा कि यह अभियान पूरे लखनऊ शहर में औपचारिक तौर पर शुरू हो गया है। लखनऊ प्रभाग में 49 नगर, 413 बस्तियां और 1,652 उप-बस्तियां हैं।
उन्होंने कहा, ”हर बस्ती और उप-बस्ती में पांच योग्य कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गई हैं। कुल 4,956 टीम 14,868 कार्यकर्ताओं के साथ पूरे लखनऊ में घरों में जाएंगी। सिंह ने कहा कि गृह संपर्क अभियान 21 दिसंबर तक चलेगा।




