अयोध्या में दबिश देने गई पुलिस टीम से हिस्ट्रीशीटर ने परिवार संग मिलकर मारपीट की। उसके बाद सब इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर फरार हो गया। इस घटना में सब इंस्पेक्टर को चोटें आई हैं।
हमले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस फोर्स के साथ पहुंची। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा से सटे डोभियारा पूरे लाल का पुरवा गांव की है।
दशरथ सिंह ने 16 नवंबर को कुमारगंज में एक व्यक्ति पर तमंचे से जानलेवा हमला किया था। जिसमें युवक बाल-बाल बच गया था। युवक ने उसके खिलाफ घटना वाले दिन ही एफआईआर कराई थी। इसी मामले में आज सुबह कुमारगंज थाने की पुलिस टीम दबिश देने उसके घर पहुंची थी।
टीम में सब इंस्पेक्टर अखिल हुसैन, भानु प्रताप शाही और कांस्टेबल उमेश गौतम शामिल थे। पुलिस ने दशरथ सिंह को थाने चलने को कहा, जिसके बाद उसने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसके बाद सब इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर कार से भाग गया।
इस घटना में अखिल हुसैन को चोटें आईं हैं घटना की सूचना मिलते ही मिल्कीपुर सर्किल के क्षेत्राधिकारी श्रीयश त्रिपाठी, बल्दीराय के क्षेत्राधिकारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है।










