(बांका, बिहार), कला के लिए कैनवास बड़ा हो, यह जरूरी नहीं, कलाकार की कल्पना बड़ी होनी चाहिए। इसी सोच को साकार किया है पूर्वी चंपारण जिले के चर्चित सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने।
मधुरेंद्र कुमार ने भोज में इस्तेमाल होने वाली साधारण पत्तल को अपना कैनवास बनाकर BRICS 2026 में शामिल होने वाले विश्व नेताओं के चित्र उकेरे हैं। करीब 15 दिनों की मेहनत से तैयार की गई इस अनोखी कलाकृति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत BRICS देशों के कई प्रमुख नेताओं के चित्र बनाए गए हैं।
त्रिकोणीय आकार में सजाई गई इन पत्तलों पर “WELCOME TO INDIA – BRICS 2026” का संदेश भी अंकित किया गया है। इस अनूठी कलाकृति के जरिए कलाकार ने भारतीय संस्कृति और परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच से जोड़ने का प्रयास किया है।
मधुरेंद्र कुमार का कहना है कि इस कला के माध्यम से वह भारत की मेहमाननवाजी के साथ ही पूरी दुनिया को शांति, भाईचारे, संवाद और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का संदेश देना चाहते हैं।
भोज में इस्तेमाल होने वाली पत्तल को कैनवास बनाकर किया गया यह अनोखा प्रयोग एक बार फिर साबित करता है कि कला किसी विशेष माध्यम की मोहताज नहीं होती। कलाकार की कल्पना और रचनात्मकता ही उसकी असली पहचान होती है।
पत्तल बना कैनवास : पत्तल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत BRICS नेताओं की तस्वीरें https://t.co/MYjBxbbLdn pic.twitter.com/Sxs8X9rLGI
— Publicnews360.in (@publicnews360) September 13, 2026