चेन्नई, एन्नोर ताप विद्युत संयंत्र की एक निर्माणाधीन इमारत के ढहने से 30 सितंबर को नौ प्रवासी मजदूरों की मौत के मामले में ठेकेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। नौ मृतक असम के रहने वाले थे।
कट्टूर थाने के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।
स्टालिन ने बिजली मंत्री एस. एस. शिवशंकर और टीएएनजीईडीसीओ के अध्यक्ष के. राधाकृष्णन को दुर्घटनास्थल पर राहत कार्य की तुरंत निगरानी करने का निर्देश दिया है। राधाकृष्णन ने कहा कि जब यह हादसा हुआ, तब प्रवासी मजदूर निर्माणाधीन इमारत के नीचे खड़े थे।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस आधार पर वे खड़े थे, उसके ढह जाने से दस लोग उस ऊंचाई (45 मीटर) से नीचे गिर गए। बीएचईएल ने डिजाइन और निर्माण का काम अपने हाथ में ले लिया है। नौ लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल (सरकारी रोयापेट्टा स्टेनली अस्पताल) लाया गया, जबकि एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, जबकि स्टालिन ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के सेल्वापेरुंथगई समेत अन्य नेताओं ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया।








