अमेठी जिले के शिवरतन गंज क्षेत्र में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के एक मवेशी से टकरा जाने से एक युवक की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बाराबंकी जिले का जैदपुर निवासी अयोध्या प्रसाद (27) अपने दो अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। रास्ते में शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव के पास उसका तेज रफ्तार वाहन सामने से आ रही एक भैंस से टकरा गया।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि अयोध्या प्रसाद के साथ-साथ मवेशी की भी मौके पर ही मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि इस घटना में मोटरसाइकिल सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें शिवरतनगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
शिवरतनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।