गोंडा, उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार रात दुर्गा पूजा आरती के दौरान अराजकता फैलाने के आरोप में छह लोगों को नामजद और करीब 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
खरगूपुर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि बिशुनापुर बाजार में रविवार रात दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया था और आयोजक घनश्याम गुप्ता की अगुवाई में श्रद्धालु आरती कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान कस्बे में रहने वाला एक नाबालिग लड़का पूजास्थल के पास पटाखे जलाने लगा, जिससे आरती में विघ्न हुआ।
अधिकारी ने बताया कि आयोजन समिति के मना करने पर लड़के ने कहा कि वह ‘छोटी सेना 009’ का सदस्य है और अभी अपने गैंग के सदस्यों को बुलाएगा।
उन्होंने बताया कि थोड़ी देर बाद ही लाठी-डंडे और हॉकी से लैस करीब तीन दर्जन लोगों ने घनश्याम गुप्ता के घर पर धावा बोल दिया।
अधिकारी ने बताया कि गुप्ता के घर पर पथराव किया गया और किराने के सामान व अन्य चीजों को नुकसान पहुंचाया गया।
थानाध्यक्ष के अनुसार, घनश्याम की शिकायत पर छह नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।