अयोध्या, नवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार की सुबह पटरंगा थाना क्षेत्र के बकौली गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मां दुर्गा की आरती के दौरान माइक में अचानक करंट आ जाने से आयोजक मनोराम यादव (40) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ग्राम सभा बकौली मजरे रानीमऊ निवासी मनोराम यादव हर वर्ष की तरह इस बार भी शारदीय नवरात्रि पर अपने घर के पास मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा पूर्वक पूजा-अर्चना कर रहे थे। शनिवार सुबह आरती के समय जैसे ही उन्होंने माइक पकड़ा, उसमें करंट प्रवाहित था। करंट की चपेट में आकर वह जमीन पर गिर पड़े और अचेत हो गए।
परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पटरंगा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शशिकांत यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में माइक में बिजली लीकेज की बात सामने आ रही है।
पूरे गांव में इस ह्रदयविदारक हादसे से शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि मनोराम यादव धार्मिक प्रवृत्ति के बेहद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और हर वर्ष श्रद्धा से मां दुर्गा की सेवा करते थे।


