हरदोई, हरदोई जिले में पुलिस ने पीड़ितों की समस्या को देखते हुए अब ‘वनडे वन प्रॉब्लम’ अभियान लागू किया है। इसके तहत शिकायतकर्ताओं की समस्या का समाधान उसी दिन कराने की व्यवस्था की गयी है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा ने रविवार कहा कि उन्होंने देखा कि कई पीड़ितों ने बताया कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार पुलिस दफ्तर आकर थक चुके हैं, मगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
मीणा ने कहा कि ऐसे में उन्होंने ‘वन डे, वन प्रॉब्लम’ अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि इसके तहत हर पीड़ित की समस्या का समाधान यथासंभव उसी दिन कराया जा रहा है।
मीणा ने बताया कि उन्होंने थाना प्रभारियों को भी निर्देश जारी किये हैं कि अगर कोई पीड़ित थाने पहुंचता है तो उसकी समस्या का निराकरण भी उसी दिन कराया जाए, क्योंकि जब थाने स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होता है तो पीड़ित मुख्यालय पर पहुंचता है। उन्होंने कहा कि ऐसे में उसके धन और समय की बर्बादी होती है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शनिवार को उनके कार्यालय में कोतवाली देहात की जमीन पर कब्जा और बघौली में एक महिला को प्रताड़ित करने का मामला, थाना शाहाबाद में जमीन संबंधी एवं फर्जी बैनामा करने का प्रकरण पीड़ितों ने बताया था जिसे उन्होंने उसी दिन निस्तारित कराया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समस्या का गुणवत्तापरक निस्तारण करने के साथ ही अपनी रिपोर्ट उसी दिन शाम को उनके कार्यालय भेजें।


