अयोध्या, बस्ती और लखनऊ हाईवे पर स्थित ढाबों में अब ‘कटिया’ से बिजली का जुगाड़ नहीं चलेगा। उत्तर प्रदेश पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बिजली चोरी को रोकने के लिए एक बड़े संयुक्त अभियान की शुरुआत की है।
अयोध्या और लखनऊ विद्युत वितरण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान में बिजली चोरी करने वाले ढाबा संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पॉवर कॉर्पोरेशन ने पहले ही 800 से अधिक ढाबों को चिह्नित कर लिया है, जहां अवैध कनेक्शन के जरिए बिजली का दुरुपयोग हो रहा है। यह ढाबे सेटेलाइट इमेजिंग के माध्यम से चिन्हित किए गए हैं। इन ढाबों से सालाना करोड़ों रुपये की बिजली चोरी हो रही है, जिससे ग्रिड पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है और वैध उपभोक्ताओं को प्रभावित करता है।
अभियान की कमान रुदौली, सोहावल और अयोध्या के सब-डिविजनल ऑफिसर एसडीओ को सौंपी गई है। लखनऊ से पॉवर कॉर्पोरेशन की एक पांच सदस्यीय विशेष टीम इस अभियान में सहयोग करेगी। टीम में इंजीनियर, कानूनी विशेषज्ञ और प्रवर्तन अधिकारी शामिल हैं, जो स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर छापा मारेंगे और जांच करेंगे।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान न केवल बिजली चोरी को रोकेगा, बल्कि राजस्व हानि को भी कम करेगा, जो राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। चिह्नित ढाबों में से अधिकांश रुदौली और सोहावल क्षेत्रों में स्थित हैं।
अयोध्या क्षेत्र में भी कई ऐसे प्रतिष्ठान हैं, जो पर्यटकों की भीड़ का फायदा उठाकर अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे हैं।


