गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र स्थित पथरा बड़गो गांव में बदमाशों ने स्नातक के एक छात्र को गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को कुछ हमलावरों ने विज्ञान स्नातक के छात्र अमन मौर्य (25) का कथित रूप से पीछा कर उस पर गोली चला दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह हमला दो दिन पूर्व अमन और उसके पड़ोसी के बीच हुए विवाद से जुड़ा हो सकता है।
छात्र के पिता मनोज मौर्य ने आरोप लगाया कि गोलीबारी के पीछे उनके पड़ोसी का ही हाथ है। उन्होंने कहा, ‘‘जब यह हमला हुआ, उस समय मैं नौतनवा गया हुआ था। जैसे ही सूचना मिली, मैं तुरंत वापस लौट आया।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिनव त्यागी ने कहा, ‘‘घटना किसी पुराने विवाद से जुड़ी प्रतीत हो रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पीड़ित के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (छावनी) योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।


