गाजियाबाद, हरियाणवी फिल्म अभिनेता उत्तर कुमार को सोमवार को एक गायिका के साथ बलात्कार के आरोप में हिरासत में ले लिया गया। थोड़ी ही देर बाद ‘तबीयत खराब’ होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर हरियाणवी अभिनेता के खिलाफ बलात्कार, आपराधिक धमकी के आरोपों और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पाटिल ने बताया कि इस मामले में कुमार को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि इसके कुछ ही देर बाद कुमार को ‘तबीयत खराब’ होने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों द्वारा उनकी फिटनेस रिपोर्ट जारी किये जाने के बाद उन्हें फिर से हिरासत में लिया जाएगा।
कुमार के खिलाफ दर्ज मुकदमे के मुताबिक कुमार ने कथित तौर पर पीड़िता को गाजियाबाद स्थित अपने कार्यालय और अमरोहा जिले के फार्महाउस पर बुलाया और उस पर शराब पीने और फिल्म निर्माताओं से मिलने का दबाव डाला।
मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि कुमार ने गायिका से शारीरिक सम्बन्ध बनाने की कोशिश की। इसका विरोध करने पर उन्होंने कथित तौर पर उससे शादी का वादा किया। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि कुमार ने उसका भावनात्मक और शारीरिक शोषण जारी रखा, लेकिन बाद में उससे शादी करने से इनकार कर दिया।
पाटिल ने बताया कि गायिका का आरोप है कि कुमार ने उसे हरियाणवी फिल्म उद्योग में ब्लैकलिस्ट कराने की धमकी दी, जाति-सूचक टिप्पणियों के साथ उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो उसकी सहमति के बिना सोशल मीडिया पर वायरल कर दिये।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


