राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में 13 वर्षीय एक किशोर ने ऑनलाइन गेम में 14 लाख रुपये हारने के बाद सोमवार को फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धनुवासाढ़ गांव निवासी यश कुमार (13) के रूप में हुई है। मोहनलालगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह ने बताया कि यश कुमार के ऑनलाइन गेम खेलने के कारण हुए आर्थिक नुकसान की जानकारी जब उसके पिता को हुई, तो डर के कारण यश ने यह कदम उठा लिया।
पुलिस के अनुसार रात में जब यश की बहन गुनगुन उस कमरे में गई, तो उसने अपने भाई को फंदे से लटका पाया। उसकी चीखें सुनकर परिवार के अन्य सदस्य छत पर पहुंचे और यश को नीचे उतारा गया।
पुलिस ने बताया कि उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच की जा रही है।


