महराजगंज जिले के एक गांव में शुक्रवार सुबह खेत में सिंचाई करते समय करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वहीं बलिया जिले में टेबल फैन हटाते समय करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
महराजगंज जिले के ठूठीबारी थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) महेंद्र मिश्रा ने बताया, “सुकरहर गांव के निवासी श्रीकांत यादव (60) और उनका बेटा संतोष यादव (25) शुक्रवार सुबह खेत में सिंचाई करने गए थे। पानी के पंप से जुड़े बिजली के तार के संपर्क में आने से उन्हें करंट लग गया और दोनों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।
पुलिस के अनुसार, वहीं बलिया जिले के उभांव थानाक्षेत्र में बृहस्पतिवार रात चौकियां मोड़ के समीप एक झोपड़ी में रहने वाले प्रकाश बांसफोड़ (40) की टेबल फैन हटाते समय करंट लगने से मौत हो गयी।
थाना प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।


