नयी दिल्ली, उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने के वास्ते पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक 17 अगस्त को होने की संभावना है।
इस पद के लिए होने वाले चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। यदि विपक्ष भी अपने उम्मीदवार की घोषणा करता है, जिसकी प्रबल संभावना है, तो नौ सितंबर को चुनाव होगा।
राजग को निर्वाचक मंडल में पूर्ण बहुमत हासिल है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। मुकाबले की स्थिति में सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार की जीत तय है।
जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने के कारण यह चुनाव कराना पड़ रहा है।








