बदायूं जिले के इस्लामनगर इलाके में एक दारोगा के घर में डकैती के दौरान विरोध करने पर उसकी बुजुर्ग मां की कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई।
उन्होंने बताया कि लुटेरे रातरानी की सोने की बालियां, एक चेन और कुछ अन्य कीमती सामान लूट ले गये। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि हत्या संभवत: रात के समय हुई होगी। उन्होंने बताया कि रातरानी आज सुबह अपने घर से बाहर नहीं आई और संदेह होने पर ग्रामीणों ने अंदर देखा तो उनका शव दिखा।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की दो टीम गठित की गई हैं और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।


