अयोध्या, पटरंगा क्षेत्र के सराय अहमद गांव में फाल्ट ठीक करते समय गैरौंडा निवासी निजी लाइनमैन मुस्तकीम अहमद (35) की करंट लगने से मौत हो गई। वह संविदा लाइनमैन राजेश यादव के साथ फाल्ट ठीक करने गए थे।
बताया गया कि संविदा कर्मचारी राजेश यादव शनिवार सुबह 11 हजार वोल्टेज की दुरुस्त करने के लिए अपने सहयोगी मुस्तकीम को लेकर गए थे। आरोप है कि बिना शटडाउन के मुस्तकीम को खंभे पर चढ़ा दिया गया। इसी दौरान बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। इसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी नूरजहां का आरोप है कि संविदा लाइनमैन राजेश यादव उनके पति को संविदा के तहत भर्ती कराने का झांसा देकर रोज लाइन सही करने साथ ले जाते थे। उन्होंने इसे राजेश की साजिश बताई है।
पटरंगा थानाध्यक्ष शशिकांत यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच करके अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर, रविवार को विधायक रामचंद्र यादव ने मृतक के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की और आर्थिक सहायता प्रदान की। आक्रोश देखते हुए सीओ आशीष निगम कई थानों की पुलिस के साथ मुस्तैद रहे।


