अयोध्या, राम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य राम मंदिर के निर्माण कार्य में एक और अहम प्रगति देखने को मिल रही है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को एक वीडियो जारी कर मंदिर के परकोटे के निर्माण की अद्यतन स्थिति से भक्तों को अवगत कराया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युद्धस्तर पर परकोटे का निर्माण कार्य चल रहा है।
ट्रस्ट के अनुसार नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच राम मंदिर परिसर में परकोटे समेत शेष सभी निर्माण कार्य 100% पूर्ण हो जाएंगे। रामलला के मंदिर के चारों ओर बनने वाला यह परकोटा लगभग 14 फीट चौड़ा होगा और इसकी कुल लंबाई 732 मीटर होगी।
यह परकोटा आयताकार आकार में बनाया जा रहा है और इसमें राजस्थान के गुलाबी बलुआ पत्थर का उपयोग किया जा रहा है। नक्काशीदार पत्थरों से सुसज्जित यह परकोटा न केवल स्थापत्य का अद्भुत नमूना होगा, बल्कि इसमें श्रीराम की लीलाओं से जुड़े भव्य दृश्य भी उकेरे जाएंगे जो रामभक्तों के लिए एक विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
परकोटे की भित्तियों पर लगाई जाने वाली सुंदर कलाकृतियां रामकथा को चित्रों और शिल्प के माध्यम से जीवंत करेंगी। मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि निर्माण कार्य में शिल्पकार दिन-रात जुटे हुए हैं ताकि तय समयसीमा के भीतर भव्य राम मंदिर पूरी तरह तैयार हो सके।


