अयोध्या, मवई ब्लॉक अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय रेछ घाट मवई में शनिवार को स्कूल चलो अभियान के तहत वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा विधायक रामचंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष राय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र यादव ने ‘स्कूल चलो अभियान’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव ने कहा प्रदेश सरकार परिषदीय विद्यालयों को हाईटेक व डिजिटल बनाकर निजी स्कूलों की तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बच्चों की पहली पाठशाला उनकी मां होती है और शिक्षा की नींव वहीं से रखी जाती है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से सरकारी विद्यालयों की छवि बेहतर बनती है और छात्रों व अभिभावकों का रुझान इनकी ओर बढ़ता है। उन्होंने शिक्षकों से ईमानदारी व समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी रमाकांतराम, आनंद शर्मा ,शिव शंकर वर्मा, प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष आरिफ , ब्लॉक मंत्री संजय सिंह, सनी सिंह, रोहित, आयुष सिंह, संत शरण सिंह, देवेंद्र सिंह, अजय सिंह, कुंवर सिंह, उपेन्द्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।