नोएडा, गौतबुद्धनगर जिला पुलिस ने एक स्कूल संचालक से कथित रूप से लाखों रुपये की उगाही करने के मामले में एक समाचार पोर्टल के पत्रकार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान ‘ट्राई सिटी पोर्टल’ के पत्रकार महकर सिंह भाटी के रूप में हुई है और आरोप है कि वह इस पोर्टल के संपादक और नोएडा मीडिया क्लब के पूर्व अध्यक्ष पंकज पाराशर तथा अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित रूप से फर्जी खबरें चलाकर अवैध उगाही करता था।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि सादोपुर गांव निवासी संतरपाल सिंह ने 24 मार्च को थाना बादलपुर में शिकायत देकर बताया कि वह एक स्कूल चलाते हैं और आरोप लगाया कि राजेंद्र, पंकज पाराशर और इनके अन्य साथियों ने उनके स्कूल के खिलाफ कई फर्जी खबरें चलाई तथा इन्हें हटाने के नाम पर लाखों रुपये वसूल लिए।
डीसीपी ने बताया कि जब कुछ दिन पहले पंकज पाराशर और उससे जुड़े लोगों की रंगदारी वसूलने के आरोप में गिरफ्तारी हुई तो पीड़ित को हिम्मत मिली तथा उसने घटना की रिपोर्ट थाना बादलपुर में दर्ज करवाई।
डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि समाचार पोर्टल का पत्रकार महकर सिंह भाटी भी इनके साथ अपराध में संलिप्त है और उसे शुक्रवार देर रात को गिरफ्तार कर लिया गया।उन्होंने बताया कि भाटी के खिलाफ थाना सूरजपुर में भी पूर्व में मुकदमा दर्ज है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी भाटी को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पंकज पाराशर वर्तमान समय में जेल में है और उसके खिलाफ गैंगस्टर कानून सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।


