अयोध्या में मौनी अमावस्या के अवसर पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। बाराबंकी के चौपुला चौराहे और रामसनेहीघाट सहित विभिन्न स्थानों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं। प्रशासन की ओर से भारी वाहनों के साथ-साथ छोटे वाहनों को भी अयोध्या में प्रवेश करने से रोका जा रहा है।
बाराबंकी पुलिस के अनुसार, अयोध्या की ओर जाने वाले वाहनों को रामनगर गोंडा होते हुए जाने या पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उपयोग करने की सलाह दी गई है। डायवर्जन के कारण बाराबंकी के चौपुला चौराहे पर वाहनों को रोककर वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जा रहा है।
यातायात प्रतिबंधों के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोग विभिन्न चौराहों पर खड़े होकर सवारी का इंतजार कर रहे हैं लेकिन वाहनों की कमी के चलते परेशानी हो रही है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसपी दिनेश सिंह स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन के मुताबिक, अयोध्या में प्रतिदिन अधिकतम 3 लाख श्रद्धालुओं को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, ताकि भीड़ नियंत्रित रहे और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
वहीं, अयोध्या में भारी भीड़ को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट टीम ने प्रयागराज हाईवे पर बीकापुर में आजमगढ़ रोड पर पूरा बाजार के पास होल्डिंग एरिया एरिया बनाया गया है। श्रद्धालुओं की वाहनों को रोककर धीरे-धीरे श्रद्धालु के वाहन को अयोध्या की तरफ छोड़ा जा रहा है।
दुसरी तरफ सुल्तानपुर में महाकुंभ स्नान के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने सुल्तानपुर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया है। अयोध्या की ओर जाने वाले सभी मार्ग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं।
यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू किया था, लेकिन श्रद्धालुओं की अपेक्षा से अधिक संख्या में आने के कारण ये प्रयास विफल साबित हो रहे हैं। जिले की सड़कों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों की सड़कें भी वाहनों के दबाव से जूझ रही हैं। प्रमुख स्थानों जैसे प्रतापगंज, अहिमाने, पयागीपुर, हनुमानगंज, लोलेपुर, टांटिया नगर कटका, गुप्तारगंज, कूड़ेभार, और जमोली जैसे इलाकों में ट्रैफिक का दबाव चरम पर है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कुमार हर्ष और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह खुद सड़क पर उतरकर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने जगह-जगह निरीक्षण कर पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
द्वारिकागंज और कूरेभार क्षेत्र में पुलिस लगातार वाहनों की भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है। लेकिन श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या इतनी अधिक है कि व्यवस्था चरमराई हुई नजर आ रही है।
बता दे, महाकुंभ का दूसरा अमृत स्नान मौनी अमावस्या कल सुबह 5 बजे से स्नान का ब्रह्म मुहूर्त शुरू होगा।
पहले महानिर्वाणी अखाड़े के नागा संन्यासी स्नान करेंगे, साथ में श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़ा स्नान करेगा, सुबह 5.50 बजे निरंजनी अखाड़ा,आनंद अखाड़ा स्नान करेगा, सुबह 6.45 बजे जूना अखाड़े का स्नान समय निर्धारित, आवाहन अखाड़ा, पंच अग्नि अखाड़ा साथ में स्नान करेगा, कल सुबह 9.25 बजे बैरागी अखाड़े के संत स्नान करेंगे, 10.05 बजे दिगंबर अनि अखाड़े के साधु-संत स्नान करेंगे, 11.05 बजे निर्मोही अखाड़े के साधु-संत स्नान करेंगे, आखिरी में उदासीन परंपरा के तीनों अखाड़े स्नान करेंगे, 12 बजे पंचायती अखाड़े के साधु-संत अमृत स्नान करेंगे, 1.05 बजे पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन का समय तथा पंचायती निर्मल अखाड़ा दोपहर 2.25 बजे स्नान करेगा।


