अयोध्या, कोतवाली रुदौली क्षेत्र के नेशनल हाइवे, नवीन सब्जी मंडी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक शिक्षक की मौत व शिक्षिका गम्भीर रूप से घायल हो गई। घायल शिक्षिका का इलाज मेडिकल कालेज दर्शन नगर में चल रहा है। जबकि मृतक शिक्षक के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
बताया जाता है कि प्राथमिक विद्यालय सराय पीर में कार्यरत प्रधानाध्यापक अनूप मिश्रा, सहायक अध्यापिका प्रीति मौर्य 1 बजे विद्यालय से छुट्टी होने के उपरांत घर जाने के लिए पैदल रोड क्रॉस कर रहे थें तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे दोनो शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी रुदौली पहुंचाया जहां पर डाक्टरों ने शिक्षक अनूप कुमार मिश्रा पुत्र उमाशंकर मिश्रा (52) निवासी मोहल्ला रायगंज कोतवाली अयोध्या को मृत घोषित कर दिया।
वही प्रीति मौर्या पत्नी सुधांशु मौर्या (35)निवासी मोहल्ला रानोपाली कोतवाली अयोध्या की हालत गंभीर देखते हुए जिला मुख्यालय रिफर कर दिया गया।
मौत की खबर सुनकर खण्ड शिक्षा अधिकारी रमाकांत राम व अध्यापक प्रकाश पाठक, रजनीश कुमार,रामानुज तिवारी, पबन लोधी, स्वामी नाथ, मोहित श्रीवास्तव , नवनीत सिंह, रोहित कुमार आदि शिक्षकों का जमावड़ा सीएचसी में लग गया।


