जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को बिहार के एक मजदूर की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने बिजबेहरा इलाके के जबलीपोरा में राजा शाह को नजदीक से गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।
यह घटना अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र में हुई है जहां सात मई को तीसरे चरण में मतदान होना है।
अनंतनाग जिले से बुधवार को दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। सेना ने यह जानकारी दी।
श्रीनगर स्थित सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “विशिष्ट खुफिया जानकारी पर, 17 अप्रैल को अनंतनाग के नैना, बिजबेहरा में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। दो संदिग्धों को पकड़ा गया और उनके कब्जे से एक हथियार, एक हथगोला और अन्य सामग्री जब्त की गई।”
सेना ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।


