नोएडा, निर्माण स्थल पर एक मुनीम की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में ग्रेटर नोएडा की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस को कृष्णपाल (40 वर्ष) नामक व्यक्ति के मृत पाए जाने की सूचना मिली।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले जिससे प्रतीत होता है संभवत: उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) अशोक कुमार शर्मा ने कहा, ‘‘ बीटा-दो पुलिस थाने के अधिकारियों ने कृष्ण पाल की हत्या के आरोप में धर्मेंद्र नामक व्यक्ति को आज ऐच्छर बाजार से गिरफ्तार कर लिया।’’
उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा, मृतक का टूटा हुआ मोबाइल फोन आदि बरामद किया है।
शर्मा ने बताया कि पाल सेक्टर-36 स्थित एक निर्माण स्थल पर पांच-माह से मुनीम के रूप में काम करता था।
उन्होंने कहा, ‘‘ पाल निर्माणाधीन इमारत में ही रहता था और यहां धर्मेंद्र की एक रिश्तेदार भी झुग्गी बनाकर रहती थी। पाल उसकी रिश्तेदार से बात व हंसी मजाक करता था जिससे धर्मेंद्र को उसकी रिश्तेदार और पाल के बीच अवैध संबंध का शक हो गया।
उन्होंने कहा, ‘‘ धर्मेंद्र 11 मार्च को पाल के पास पहुंचा और फिर उसने पाल पर डंडे से हमला कर दिया। वह शव को वहीं छोड़कर भाग गया।
शर्मा ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत एक मामला दर्ज करके धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया।


