उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार का काफी बवाल मच गया। मलिका बगीचा स्थित मदरसे व मस्जिद पर प्रशासन के बुलडोजर एक्शन के बाद अराजक तत्वों ने पत्थरबाजी और आगजनी शुरू कर दी। जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिसबल बल तैनात किया गया।
उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिसकर्मियों ने हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले छोड़े। हल्द्वानी में बिगड़े हालातों को देखते हुए कल शुक्रवार को सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया गया है। इसको लेकर प्रशासन ने आदेश जारी कर दिए हैं।
इधर नैनीताल जिलाधिकारी ने बताया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। हमारे पास वीडियो रिकॉर्डिंग से लेकर दंगाइयों के अनेक इनपुट हैं, उन सबको एकत्र किया जा रहा है। नुकसान की भरपाई उन्हीं दंगाइयों के द्वारा की जाएगी। जानकारी जुटाने के लिए दंगाइयों के पोस्टर भी जारी किए जाएंगे। पुलिस और प्रशासन ने धैर्य का परिचय दिया है। अवैध अतिक्रमण पर हमारा अभियान रुकने वाला नहीं है।
उपद्रव के बाद हलद्वानी शहरी क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह आदेश आज गुरुवार रात 9 बजे लागू हो गया और अगले आदेश तक लागू रहेगा। उत्तराखंड पुलिस के प्रवक्ता और आईजी नीलेश भरने ने बताया कि हल्द्वानी में स्थिति को देखते हुए कई जिलों की पुलिस फोर्स बुलाई गई है। साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स को भी बुलाया गया है।
इस मामले पर सीएम धामी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्रशासन वहां अवैध अतिक्रमण तोड़ने गया था। वहां कुछ असामाजिक तत्वों की पुलिस से झड़प हो गई। इसमें पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को चोटें आई हैं। अधिक फोर्स भेजी जा रही है। शांति बनाए रखने की अपील है। कर्फ्यू लगा दिया गया। दंगा और तोड़फोड़ करने वाले और वाहन जलाने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
उपद्रवियों के पथराव में कई महिला पुलिसकर्मी भी घायल हुई हैं, जिन्हें इलाक के लिए अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची महिला पुलिकर्मियों का वीडियो भी सामने आया है। हालात बेकाबू होते देख सीएम ने कड़े निर्देश जारी किए है। पुलिस को दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी हुए हैं।
सीएम ने अधिकारियों को अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं। स्थिति को देखते हुए नैनीताल जिलाधिकारी ने जिले में कर्फ्यू लगा दिया है। सीएम पुष्कर धामी ने मामले को लेकर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ पुलिस एवं इंटेलिजेंस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा की गई। सीएम ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


