कोलकाता, भोजन के साथ गलती से एक छोटा चुंबक निगलने के लगभग दो सप्ताह बाद, छह वर्षीय अराफात अली रविवार को अस्पताल से घर लौट आया। चिकित्सकों ने एक दुर्लभ प्रक्रिया अपनाते हुए एक अन्य चुंबक का उपयोग करके उसके शरीर में फंसे चुंबक को बाहर निकाला। इसके कारण बच्चे को सांस लेने में परेशानी हो रही थी।
उत्तर 24 परगना जिले के बदुरिया के महेशपुर स्थित अपने घर में अराफात रविवार को अपने पिता अली अक्कास की बांहों में आराम से बैठा दिखा। उसके माता-पिता ने अपने बेटे की जान बचाने के लिए चिकित्सकों को धन्यवाद दिया।
सांस लेने में परेशानी होने के बाद अराफात को तीन नवंबर को कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में पता चला कि उसने एक चुंबक निगल लिया है, जिससे उसे सांस लेने में बाधा आ रही थी।
चुंबक को बाहर निकालने की शुरुआती कोशिशें नाकाम रहीं, क्योंकि वह सांस की नली से होते हुए श्वासनली में फंस गया था। इससे उसकी जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने चुंबक को बाहर निकालने के लिए एक असामान्य तरीका अपनाने का फैसला किया। उन्होंने दूसरे चुंबक की मदद से शरीर में फंसे चुंबक को बाहर निकालने की योजना बनाई।
इसके लिए मानिकतला के एक तकनीशियन से विशेष रूप से एक छोटा चुंबक बनवाया गया। इसे एक चिकित्सा उपकरण से जोड़कर सावधानीपूर्वक बच्चे के शरीर में फंसे चुंबक को बाहर निकाला गया।
इस मामले से जुड़े चिकित्सकों ने कहा कि उन्हें याद नहीं है कि देश के किसी अन्य अस्पताल में इस तरह की प्रक्रिया अपनाई गई हो।
रविवार को अराफात को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसके पिता ने भावुक होकर कहा कि वह अपने बेटे की जान बचाने वाले चिकित्सकों के हमेशा आभारी रहेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा चिकित्सकों का ऋणी रहूंगा… मुझे नहीं पता कि अगर वे नहीं होते तो मेरे बेटे का क्या होता।