संत कबीर नगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट और गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान रामकेश यादव (36) और प्रह्लाद यादव (42) के रूप में हुई है। रविवार, 15 नवंबर को दोपहर करीब 2:20 बजे ग्राम प्रधान ने मेंहदावल थाने को गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की सूचना दी थी। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान प्रह्लाद यादव और रामकेश यादव की मौत हो गई। पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, राम सहाय और घनश्याम यादव को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया।
वहीं, पीड़ित परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब वे खेत में गेहूं की बुआई कर रहे थे, तभी जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों ने हथियारों और लाठियों से हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर मुरली यादव, अजय यादव, आकाश, सुग्रीव यादव, सुनील यादव और राकेश यादव समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना के संबंध में कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी के आदेश पर पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में मेंहदावल थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह, अपराध निरीक्षक ओमप्रकाश यादव, हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक योगेश राय, मुख्य आरक्षी मुरली मनोहर और आरक्षी अंकुश यादव शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया कि मामले की प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बताई गई है।