उत्तराखंड के जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए सभी छह लोगों के शव रविवार सुबह बरामद कर लिये गए और उन्हें ऋषिकेश के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भेज दिया गया। चमोली जिला प्रशासन ने यह जानकारी दी।
शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से देहरादून लौटते समय हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास चाई गांव के निकट पर्वतीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
अधिकारियों ने बताया कि शवों को सड़क मार्ग से जोशीमठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शवों को हेलीकॉप्टर से एम्स, ऋषिकेश भेज दिया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि दुर्गम और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाके में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया।
जिला प्रशासन की ओर से रविवार को जारी बयान में कहा गया, “बचाव दलों ने कठिन पहाड़ी रास्तों से पैदल चलकर सभी छह मृतकों के शव बाहर निकाले।
हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शुक्रवार को अभियान शुरू किया गया था, लेकिन दुर्गम पहाड़ी भूभाग और दूरस्थ स्थान होने के कारण अभियान पूरा करने में बचाव दलों को 24 घंटे से अधिक समय लगा।