नागोया, जापान के नागोया में शनिवार को 20वें एशियाई खेलों का रंगारंग उद्घाटन समारोह हुआ। तकनीक, आधुनिक औद्योगिक क्षमता और पारंपरिक जापानी संस्कृति के अनूठे संगम ने समारोह को खास बनाया।
अगले 15 दिनों तक 45 देशों के करीब 11 हजार खिलाड़ी 43 खेलों और 71 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं में कुल 469 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबले होंगे और खेलों का समापन चार अक्टूबर को होगा। बास्केटबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट सहित कुछ खेलों की स्पर्धाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं।
‘हार्मोनिक हार्ट बीट’ थीम पर आधारित समारोह में दिल के आकार के मुख्य मंच के जरिए ‘वन एशिया’ की भावना को प्रदर्शित किया गया। 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में रोशनी, लेजर, ड्रोन और संगीत के साथ शानदार प्रस्तुतियां हुईं।
पारंपरिक काबुकी मंच के साथ विशाल रोबोटिक भुजा का प्रदर्शन जापान की तकनीकी क्षमता को दर्शाता नजर आया।
जापान के सम्राट नारुहितो ने समारोह के दौरान 20वें एशियाई खेलों के शुरू होने की घोषणा की। इस अवसर पर महारानी मासाको, एशिया की ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री भी मौजूद रहीं।
भारत की ओर से स्टार निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने खिलाड़ियों की परेड में 150 सदस्यीय भारतीय दल की अगुवाई की। मनु भाकर ने गहरे नीले रंग की साड़ी और औपचारिक बंदगला जैकेट पहनी थी, जबकि भारतीय पुरुष खिलाड़ी गहरे नीले रंग की बंदगला जैकेट और पतलून में नजर आए।
जापान ने तीसरी बार एशियाई खेलों की मेजबानी की है। इससे पहले 1958 में टोक्यो और 1994 में हिरोशिमा में एशियाई खेल आयोजित हुए थे। उद्घाटन समारोह में आइची क्षेत्र की औद्योगिक पहचान के साथ जापानी कला और संगीत को भी प्रमुखता दी गई।
स्थानीय कलाकारों ने सामूहिक प्रस्तुतियों के जरिए एशियाई देशों के बीच जुड़ाव और एकता का संदेश दिया। समारोह के दौरान 10 मीटर ऊंचा झंडा फहराया गया और दिल के आकार वाले ड्रोन ने आसमान में आकर्षक दृश्य बनाए।
India arrives at Aichi-Nagoya! 🇮🇳
The #AsianGames2026 begin with Manu Bhaker & Pawan Sehrawat proudly leading the Indian contingent as flag bearers at the Opening Ceremony.
Wishing #TeamIndia the very best. Go out there, give it your all & make the nation proud!#Cheer4Bharat pic.twitter.com/mR7tHB2fe3
— Raksha Khadse (@khadseraksha) September 19, 2026