अयोध्या, पटरंगा थाना क्षेत्र में रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पटरंगा थाना क्षेत्र के गुलहरिया मजरे बाबूपुर गांव निवासी अशोक कुमार रावत (45) पुत्र रामजीत रावत रविवार शाम बरौली के तिवारी पुरवा बाजार जाने के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रही पल्सर बाइक संख्या UP 42 S 8867 के चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अशोक कुमार को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लखनऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
अशोक कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर पटरंगा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटरंगा थानाध्यक्ष शशिकांत यादव ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर व पीएम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।