अयोध्या के थाना रौनाही क्षेत्र अंतर्गत स्थित रौनाही टोल प्लाजा पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। वारदात के दौरान रौनाही गांव के रहने वाले सुफियान नामक युवक को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर और रौनाही थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वहां मौजूद टोल कर्मियों व प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक थार गाड़ी में सवार हमलावरों ने भागते समय अचानक ताबड़तोड़ तीन राउंड गोलियां चला दीं, जिसमें से एक गोली वहां मौजूद सुफियान को जा लगी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में घायल सुफियान को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी प्राथमिक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रिफर कर दिया है।
पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर थार सवार हमलावरों की पहचान की जा रही है। घटना के पीछे की मुख्य वजहों की छानबीन जारी है और पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सन्दर्भित प्रकरण में घायल को चिकित्सीय उपचार हेतु भेजा गया है, साक्ष्य संकलन कर जांच व आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
— AYODHYA POLICE (@ayodhya_police) August 26, 2026










