पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने फरार पत्थर व्यापारी टुल्लू मंडल के प्रबंधक और करीबी रिश्तेदार को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि इससे पहले पुलिस ने जिले में रात भर चलाये गए एक तलाशी अभियान के दौरान मंडल के घर से 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना जब्त किया।
बीरभूम के पुलिस अधीक्षक वी. आर. भुंदेश ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘हमने 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया है। टुल्लू मंडल के प्रबंधक और करीबी रिश्तेदार मीनार मंडल को हिरासत में ले लिया गया और उसके मकान को सील कर दिया गया।’’
इस बीच, पुलिस केंद्रीय बलों के साथ टुल्लू मंडल के आवास पर पहुंची, जहां तलाशी अभियान चलाए जाने की संभावना है।
परिसर के बाहर केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है, जबकि पुलिसकर्मियों का एक दल मकान के अंदर प्रवेश करता दिखा। मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही टुल्लू फरार है। बुधवार शाम तक मीनार मंडल के आवास से 20 करोड़ रुपये बरामद किए जा चुके थे।
पुलिस के अनुसार, देउचा गांव स्थित मीनार के दो मंजिला मकान से एक-एक किलोग्राम वजन की सोने की 14 छड़ें और 100-100 ग्राम के सोने के 10 बिस्कुट बरामद किए गए हैं। मौजूदा बाजार मूल्य के हिसाब से इस सोने की कीमत लगभग 21.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
बुधवार को हुई छापेमारी के दौरान मीनार को उसके बेटे के साथ हिरासत में लिया गया था। बृहस्पतिवार सुबह मीनार को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया और अब उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का बीरभूम में पत्थर के खनन और कंक्रीट तैयार करने के कारोबार में अच्छा-खासा प्रभाव है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उसे रेत माफिया करार दिया है।
#पश्चिम_बंगाल में पुलिस ने बीरभूम के मोहम्मद बाज़ार जिले के देउचा स्थित पत्थर व्यापारी मीनार मंडल के घर से तलाशी अभियान के दौरान 28 करोड़ रुपये से अधिक नकद और 15 किलो सोना बरामद किया है।
पुलिस ने करीब 15 घंटे चले अभियान में नकदी गिनने के लिए 5 मशीनों का इस्तेमाल किया। बीरभूम के… pic.twitter.com/etILNWyiZW
— आकाशवाणी समाचार (@AIRNewsHindi) July 30, 2026









