ईरान के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को अमेरिका पर बुशेहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निकट हवाई हमला करने का आरोप लगाया। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने तत्काल इस दावे की पुष्टि नहीं की।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘आईआरएनए’ ने बुशेहर के स्थानीय अधिकारी एहसान जहानियान के हवाले से कहा कि अमेरिका ने देश के एकमात्र परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निकट हवाई हमला किया। उन्होंने कहा कि यह हमला दोपहर में हुआ।
यह हमला अमेरिकी सेना की ‘सेंट्रल कमांड’ द्वारा ईरान पर अपने हमले समाप्त करने की घोषणा किए जाने के कुछ घंटे बाद हुआ।
हालांकि, ‘सेंट्रल कमांड’ ने इस संबंध में टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
ईरान के साथ संघर्ष के दौरान बुशेहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के आसपास कई हमले हुए थे। हालांकि, रूसी तकनीशियनों द्वारा संचालित इस संयंत्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।










