अयोध्या, मण्डल कारागार (जेल) की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों ने एक बड़ा औचक निरीक्षण किया।
इस संयुक्त निरीक्षण में जिला न्यायाधीश रणंजय कुमार वर्मा, जिलाधिकारी (डीएम) शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. गौरव ग्रोवर मुख्य रूप से शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM), जेल अधीक्षक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के प्रभारी सचिव और जेलर भी मौजूद रहे। अधिकारियों के इस उच्च स्तरीय दल ने जेल की विभिन्न बैरकों का दौरा किया और वहां रह रहे बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं व व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सुरक्षा के साथ-साथ जेल के भीतर बुनियादी सुविधाओं की भी बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने जेल चिकित्सालय (हॉस्पिटल), रसोईघर (मेस), पीने के पानी और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को देखा। विशेष रूप से बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता (क्वालिटी) को परखा गया और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के अंत में जिला न्यायाधीश, डीएम और एसएसपी ने जेल प्रशासन के साथ सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंधों की गहन समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए कि सभी बंदियों को सरकारी मानकों के अनुसार तय सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
इसके साथ ही जेल परिसर के भीतर स्वच्छता, सुरक्षा और अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही न होने पाए।









