अयोध्या स्थित डोगरा रेजिमेंटल सेंटर में आज गौरव और उत्साह का माहौल देखने को मिला। अग्निवीर योजना के तहत प्रशिक्षित सातवें बैच के 835 जवानों ने सफलतापूर्वक अपना सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में प्रवेश किया।
जमीदार लाला परेड ग्राउंड में आयोजित पासिंग आउट परेड में जवानों ने अनुशासन, साहस और सैन्य कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। परेड की समीक्षा डोगरा रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर जितेन्द्र शर्मा ने की।
पिछले 24 सप्ताह के दौरान अग्निवीरों को आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण, शारीरिक फिटनेस, युद्ध कौशल और भारतीय सेना के मूल्यों की शिक्षा दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें एक सक्षम और जिम्मेदार सैनिक के रूप में तैयार करना था।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित भी किया गया। प्रशिक्षण अवधि में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अग्निवीर तरुण राणा को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। वहीं अग्निवीर नवदीप सिंह ने परेड का नेतृत्व किया और शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जवानों के परिजन भी मौजूद रहे। अपने बेटों को सेना की वर्दी में देखकर उनके चेहरे गर्व से खिल उठे। यह पासिंग आउट परेड देशसेवा के नए सफर की प्रेरणादायक शुरुआत बनी।










