अयोध्या, जेठ माह के तीसरे बड़े मंगल के पावन अवसर पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह की संस्था श्री अयोध्या न्यास द्वारा जिले के दो स्थानों पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
मिल्कीपुर स्थित सिद्धनाथन हनुमान मंदिर तथा मयाबाजार के रामलीला मैदान में आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही दोनों स्थानों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरे वातावरण में जय श्रीराम व बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे।
भंडारे का शुभारंभ पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने महाबली हनुमान जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। इस दौरान उन्होंने देश, प्रदेश और विश्व कल्याण की कामना की।
आयोजन स्थल को धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप में सजाया गया था, जहां श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई थी।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि बड़े मंगल का पर्व केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और समाज को जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान शक्ति, भक्ति और लोककल्याण के प्रतीक हैं।
उनके आदर्श हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या की पावन भूमि सदैव धर्म और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाती रही है और इसी भावना के साथ श्री अयोध्या न्यास निरंतर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

