अयोध्या, जिला अस्पताल अयोध्या के ब्लड बैंक में रक्त की कमी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए संकल्प संस्थान लगातार अभियान चला रहा है।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. आशीष पाण्डेय “दीपू” के नेतृत्व में सप्ताह में दो दिन रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
इसी क्रम में आज INDIA TV NEWS इलेक्ट्रॉनिक चैनल के वरिष्ठ पत्रकार अरविंद गुप्ता ने जिला अस्पताल पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान किया। उन्होंने रक्तदान के बाद लोगों से भी आगे आकर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान करने की अपील की।
डॉ. आशीष पाण्डेय “दीपू” ने कहा कि जैसे बूंद-बूंद से सागर भरता है, उसी प्रकार यदि प्रतिदिन दो से चार लोग भी रक्तदान करें तो जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। इससे रक्त के अभाव में परेशान जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है और स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
इस अवसर पर संकल्प संस्थान के पदाधिकारी भूपेंद्र पाण्डेय, अवनीश मिश्रा, नितिन मिश्रा, मनीष मौर्य, डॉ. करण त्रिपाठी, प्रतीक पाण्डेय एवं देश दीपक यादव मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में रक्तदान करने वाले वरिष्ठ पत्रकार अरविंद गुप्ता को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
