सुलतानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार यह हादसा खालिसपुर दुर्गा गांव के पास एक्सप्रेस-वे के 155.6 किलोमीटर बिंदु पर हुआ। दो युवक मोटरसाइकिल से गाजीपुर से लखनऊ जा रहे थे तभी चालक को नींद आने से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस हादसे में पटना के खगौल निवासी भक्सर (20) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी शनि (19) गंभीर रूप से घायल हो गया।
यूपीडा की एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अंबेडकर नगर रेफर कर दिया।
दोस्तपुर थाने के उपनिरीक्षक कृष्ण पाल यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि हादसे के बाद करीब दो घंटे तक शव सड़क किनारे पड़ा रहा।

