अयोध्या, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 गौरव ग्रोवर ने शनिवार को थाना बाबा बाजार के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में बनाए गए विभिन्न प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने सबसे पहले पुलिस कर्मियों के लिए बनाए गए आवासीय भवनों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित प्रशासनिक भवन,थानाध्यक्ष कार्यालय,मिशन शक्ति केन्द्र कक्ष,कम्प्यूटर कक्ष तथा कार्यालयलेख कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई एवं अन्य कार्यों की व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महिला बैरक एवं पुरुष बैरक की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। एसएसपी ने महिला पुलिस कर्मियों के लिए सुरक्षा एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया। इसके अलावा हवालात की सुरक्षा व्यवस्था एवं थाने में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
डॉ0 गौरव ग्रोवर ने थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं आमजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि नए भवन एवं आधुनिक संसाधनों से पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार आएगा तथा जनता को बेहतर पुलिस सेवा मिल सकेगी।
निरीक्षण के दौरान सीओ रूदौली आशीष निगम ,थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




