अयोध्या, तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील रुदौली के राजस्व गांव से निकलने वाले 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के किसानों की शिकायत की भरमार रही। जिलाधिकारी के तहसील दिवस में न आने से फरियादी मायूस दिखे।
शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस होने से भारी भीड़ रही। सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार ने की। 84 कोसी परिक्रमा मार्ग से प्रभावित किसान काशीपुर निवासी नरेश सोनकर, जुग्गी लाल ने अपने ग्राम काशीपुर की गाटा संख्या 154 को मुआवजा मिले बिना कार्यदाई संस्था पर भूमि पर कब्जा लिए जाने की शिकायत की।
शहर के मोहल्ला मीरापुर निवासी अनिल कुमार, दिलीप कुमार, राजित राम, राजेश ने गाटा संख्या 157 का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। कहा कि एसएलओ कार्यालय में तथ्यहीन शिकायत पर भुगतान रोक दिया गया है। मोहल्ला काशीपुर निवासी राम लौटन गौतम ने बिना सर्वे और अधिग्रहण और मुआवजा दिए 84 कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण के लिए खेतौनी की भूमि पर कब्जा करने की शिकायत की।
नगर पालिका परिषद रुदौली के वार्ड मखदूम साहब की सभासद शहनाज बानो ने मोहल्ला पुरेमिया की जल निकासी के लिए मड़हा नदी के निकट पुल बनाए जाने की माग की। कहा कि पुलिया का निर्माण न होने से पांच हजार की आबादी का जल भराव का संकट पैदा हो जाएगा।
कांग्रेस नेता पूर्व सभासद इरफान खान व तारिक रूदौलवी ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो की तरफ दीवाल को तोड़ कर शहर के निवासी के आवागमन का मार्ग बनवाए जाने की माग की।
भाजपा नेता पवन राजपूत ने भेलसर ओवर ब्रिज की दीवाल पर यात्रियों के आवागमन का मार्ग बनाए जाने की माग की।
भाकियू के प्रदेश सचिव दिनेश दुबे ने छुट्टा जनावर से फसलों के नुकसान की शिकायत की।जिला उपाध्याय शंकर पाल पांडे ने शिकायत में स्मार्ट मीटर, विवाह में व्यावसायिक गैस सिलेंडर जिला मुख्यालय के स्थान पर प्रत्येक तहसील पर दिलाए जाने का मामला उठाया।
इस दौरान 296 प्रार्थना पत्र दर्ज किये गए जिनमें 7 का निस्तारण मौके पर किया गया।
वहीं लगभग डेढ़ बजे एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर भी सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंच गए और फरियादियों की समस्या सुनी। समाधान दिवस में विधायक रामचंद्र यादव, सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया, जिलापूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा और एसडीएम संतोष कुमार, सीओ आशीष कुमार, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, अधीक्षक सीएचसी फातिमा हसन आदि मौजूद रहे।




