कौशांबी जिले के करारी थाना क्षेत्र के छोटा अड़हरा गांव में आठ साल पुरानी रंजिश के चलते 30 वर्षीय एक युवक की उसके ससुर और उसके साथियों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान भरत यादव के रूप में हुई है, जिसने आठ वर्ष पहले अशोक पांडेय की बेटी के साथ उनकी मर्जी के खिलाफ विवाह किया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच रंजिश थी।
उन्होंने बताया कि भरत के पिता छोटे लाल के अनुसार, उनका बेटा हाल में गांव लौटा था। रविवार रात अशोक पांडेय अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने देसी तमंचे की बट से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।




