अयोध्या जनपद के रुदौली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर रौजागाँव ओवरब्रिज के पास करीब सुबह 6 बजे डबल डेकर बस ने आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बस चालक सुरेश कुमार (निवासी सोहागपुर, मथुरा) और खलासी बृजेश कुमार (निवासी नगला भवानी, मैनपुरी) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रुदौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा बस द्वारा ट्रेलर में पीछे से टक्कर मारने के कारण हुआ। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

