अयोध्या, थाना पूराकलन्दर पुलिस ने गिरोह बनाकर लूट और डकैती करने वाले शातिर अपराधी विवेक प्रताप यादव उर्फ विवेक प्रताप सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत, सहायक पुलिस अधीक्षक शुभम जैन और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामराज चौधरी की टीम ने विवेक प्रताप को रग्घुपुर मोड़ के पास से दबोचा।
आरोपी विवेक प्रताप सिंह, निवासी लदपुरवा सिकन्दरपुर, कानपुर देहात के पास से पुलिस ने एक मारुति सुजुकी फ्रोंक्स (FRONX) कार भी बरामद की है।
आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने यह लग्जरी कार लूट और डकैती के पैसों से ही खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के खिलाफ अयोध्या, लखनऊ, जालौन और कन्नौज सहित विभिन्न जिलों में धोखाधड़ी, डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में करीब आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
ताजा मामला 31 लाख रुपये की डकैती से जुड़ा है, जिसमें पुलिस को इसकी तलाश थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया है।










