अयोध्या में ड्राइवर को कॉफी में जहरीला पदार्थ पिलाकर स्विफ्ट कार लूटने के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण किया है। थाना रौनाही पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इस मामले में चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों ने अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, सभी गिरफ्तार आरोपी सुल्तानपुर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। यह घटना 19 दिसंबर की है, जब रौनाही थाना क्षेत्र में एक ड्राइवर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
होश में आने के बाद पीड़ित के भाई की तहरीर पर थाना रौनाही में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने मोबाइल फोन में रैपीडो ऐप इंस्टॉल कर स्विफ्ट कार बुक की थी। यात्रा के दौरान आरोपियों ने ड्राइवर को कॉफी पिलाई, जिसमें जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। कॉफी पीते ही ड्राइवर बेहोश हो गया, जिसके बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट कार और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।




